
पंजाब के बटाला में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गोली लगने से पंजाब पुलिस के एक एएसआई के बेटे की भी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर अपराधी कामयाब रहे। जानकारी के मुताबिक, बटाला के कादिया रोड पर स्कॉर्पियो पर अज्ञात लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
स्कॉर्पियो पर अंधाधुंध फायरिंग
वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्कॉर्पियो रोड पर खड़ी है। इस बीच बाइक पर सवार दो लोग आते हैं और फायरिंग करना शुरू कर देते हैं। वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि एक शख्स बाइक चालू किये हुए हैं और उस पर सवार व्यक्ति ड्राइवर को गोलियां मार रहा है।
गोली लगने से गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां और पुलिसकर्मी के बेटे की मौत
गोली लगने से स्कॉर्पियो में सवार करनेवीर सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी भिखोवाल थाना घूमण कला और उसकी एक रिश्तेदार हरजीत कौर निवासी भगवानपुर की मौत हो गई है। मृतक हरजीत कौर गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां थीं। करनेवीर सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई का बेटा था।
पुलिस ने बताया कि करनेवीर सिंह की मौके पर मौत हो गई। जबकि गाड़ी में मौजूद महिला हरजीत कौर गंभीर रूप से घायल होने के कारण बटाला से अमृतसर रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान हरजीत कौर की मौत हो गई। करनेवीर सिंह हरजीत कौर का रिश्तेदार था।